नई दिल्ली: मेरी नहीं तो किसी की नहीं, अक्सर ऐसा फिल्मों में और असल जिंदगी में देखने को मिलता है, मध्य प्रदेश के धार जिले में भी ऐसे ही प्यार में पागल एक युवक ने एक महिला पुलिस कांस्टेबल को गोली मार दी. महिला कांस्टेबल को गोली मारने के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली. दोनों को गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया है. मामला एक तरफा प्यार का प्रतीत होता है।

खुद को भी मारी गोली-
धार पुलिस की महिला कांस्टेबल की शादी होने वाली है. जिसके चलते वह अपनी शादी के कार्ड बांट रही थी. इसी दौरान उस युवक से महिला कांस्टेबल की मुलाकात हुई. उस युवक ने जब महिला कांस्टेबल की शादी का कार्ड देखा तो वह आपा खो बैठा।आरोपी ने थाने की महिला कांस्टेबल पर गोली चला दी. गोली लगने से महिला लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी. इसके बाद आरोपी वहां से भागा नहीं बल्कि उसने खुद को भी गोली मार ली. वो भी खून से लथपथ वहीं गिर पड़ा. दोनों को फौरन उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए स्थानीय डॉक्टरों ने उन्हें बड़वानी जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. अब दोनों का इलाज वहीं चल रहा है. पुलिस इस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है।