नई दिल्ली : दिल्ली, मुंबई, लखनऊ समेत देश के प्रमुख महानगरों में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी से आती गिरावट से हालात कुछ सुधरते नजर आ रहे हैं। पिछले चार दिनों में तीसरी बार ऐसा हुआ है कि ठीक होने वाले मरीजों की संख्या नए मामलों से ज्यादा रही है। इसके साथ ही कोरोना महामारी को मात दे चुके लोगों का आंकड़ा भी दो करोड़ को पार कर गया है। दो दिन की बढ़त के बाद सक्रिय मामलों में भी 30 हजार से ज्यादा की गिरावट आई है और इनकी संख्या 37 लाख के नीचे आ गई है।

नए आंकड़े
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से शुक्रवार देर रात तक मिले आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश भर में 3,26,014 नए मामले मिले हैं, 3,52,850 मरीज ठीक हुए हैं और 3,876 और मरीजों की जान गई है। इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा दो करोड़ 43 लाख 72 हजार को पार कर गया है। इनमें से दो करोड़ चार लाख 26 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं और 3,66,229 मरीजों की अब तक जान भी जा चुकी है। सक्रिय मामले 36,69,537 हो गए हैं। एक दिन पहले इनकी संख्या 37 लाख से कुछ ज्यादा थी।
Covid19 : तीसरी लहर को लेकर एम्स निदेशक ने दी चेतावनी, बच्चों का रखें ख्याल
दिल्ली मुंबई में काम हुआ केस
दिल्ली और मुंबई समेत सभी प्रमुख महानगरों में नए मामले कम हो रहे हैं। दिल्ली में 8,506 नए मामले मिले हैं, जो 10 अप्रैल (7,897) के बाद से सबसे कम हैं। संक्रमण दर भी घटकर 12.4 फीसद हो गई है, जो 11 अप्रैल (9.4 फीसद) के बाद से सबसे कम है। हालांकि, दिल्ली में दैनिक मौतें कम नहीं हो रही हैं। शुक्रवार को भी 289 लोगों की जान गई। मुंबई में 1,660 नए केस मिले हैं और 62 लोगों की मौत हुई है। एक दिन पहले 1,952 मरीज मिले थे और 68 लोगों की जान गई थी।
लखनऊ में स्थिति सामान्य
लखनऊ में 893 नए मामले मिले हैं और 22 लोगों की मौत हुई है। जबकि, एक दिन पहले 969 मरीज पाए गए थे और 34 लोगों की जान गई है। इसी तरह बेंगलुरु, ठाणे, नासिक जैसे शहरों में भी मामले कम हो रहे हैं। लेकिन कोलकाता और इंदौर जैसे शहरों में केस ज्यादा कम नहीं हो रहे। कोलकाता में चार हजार और इंदौर में डेढ़ हजार के करीब मामले मिल रहे हैं। दक्षिण भारत के लगभग सभी राज्यों-कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में मामले बढ़ रहे हैं।