नई दिल्ली: सीएम योगी आदित्यनाथ ( Yogi Adityanath) ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 118 वीं जयंती के मौके पर 11 किसानों को ट्रैक्टर देकर सम्मानित किया। यूपी में चौधरी चरण सिंह का जन्म दिवस ‘किसान सम्मान दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। इस मौके पर किसानों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा किसानों के साथ है। विपक्ष पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि किसानों के नाम पर राजनीति करने वाले लोग जब सत्ता में आते थे तो बंद चीनी मिलों को बंद करने पर मौन हो जाते थे। यूपी सरकार ने कोरोना काल में भी चीनी मिलें चलाईं। सीएम ने कहा कि जिन्हें किसानों की खुशहाली अच्छी नहीं लगती वे कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ किसानों को गुमराह कर रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा कि बार-बार कहा जा रहा है कि एमएसपी और मंडियां समाप्त नहीं होंगी इसके बावजूद किसानों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नए कानून किसान की उपज का मुनाफा उसके खाते में डालने का काम करेंगे। किसानों को जहां से अच्छा मूल्य मिलेगा वहां अपनी उपज बेचने को स्वतंत्र होंगे लेकिन जिन्हें यह अच्छा नहीं लग रहा है वे किसानों को गुमराह कर रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह जी कहा करते थे कि देश की खुशहाली का रास्ता खेतों से होकर जाता है। यानि भारत की प्रगति तब होगी, जब देश का किसान प्रगतिशील होगा। भारत में समृद्धि तब आएगी, जब किसान समृद्धशाली होगा। कृषि प्रधानता ही भारत की अर्थव्यवस्था का आधार है। प्रदेश के 4 कृषि विश्वविद्यालयों के माध्यम से कृषि विज्ञान केंद्रों को जोड़ा गया है। झांसी केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय शुरू हुआ है। बीएचयू के कृषि संकाय को किसानों से जोड़ा गया है। 89 कृषि विज्ञान केंद्र किसानों की आय दोगुनी करने के लिए काम कर रहे हैं।